शहर के इस सर्किल के पास बेसुध हालत में मिला युवक, सामाजिक संगठनों ने पहुंचाया अस्पताल


बीकानेर। शहर के गंगानगर रोड स्थित खेतेश्वर सर्किल के पास सोमवार शाम एक युवक बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक संगठनों के सेवादार मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे राहगीरों ने एक युवक को बेसुध हालत में सड़क किनारे पड़े देखा। इसकी सूचना मिलने पर ख़िदमतगार खादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के सेवादार सोएब भाई और राजकुमार खड्गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे।सेवादारों ने बिना देरी किए युवक को उठाकर पीबीएम अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार जारी है।फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और उसके परिजनों का भी कोई पता नहीं चल सका है। युवक के होश में आने और पहचान होने के बाद ही उसके बारे में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।सामाजिक संगठनों की तत्परता से युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे उसकी जान बचाने की उम्मीद बनी हुई है।





































