बड़ी खबर:-राजस्थान बोर्ड 10वीं परीक्षा में बड़ा बदलाव,अब साल में दो बार होंगे एग्जाम

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा की परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। सत्र 2026-27 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में होगी, जबकि दूसरी परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने इसके संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था के तहत पूरक (Supplementary) परीक्षा की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब पूरक परीक्षा के स्थान पर मई में दूसरी परीक्षा आयोजित होगी। मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में अंक सुधार के लिए दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। दोनों परीक्षाओं में जिस परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त होंगे, उन्हीं अंकों को अंतिम परिणाम में शामिल किया जाएगा।
फेल होने वाले विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
नई व्यवस्था में विद्यार्थियों को राहत देते हुए परीक्षा में सुधार का अवसर दिया गया है। यदि कोई विद्यार्थी अंग्रेजी और किसी एक अन्य विषय में 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करता है, तो उसे सीधे फेल नहीं माना जाएगा। ऐसे विद्यार्थी दोनों संबंधित विषयों में दूसरी परीक्षा देकर अपने परिणाम में सुधार कर सकेंगे।
वहीं, तीन या उससे अधिक विषयों में फेल या अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे विद्यार्थियों को अगले वर्ष सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी।
11वीं में मिलेगा अस्थाई प्रवेश
मुख्य परीक्षा में अधिकतम दो विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा में अस्थाई प्रवेश दिया जा सकेगा। यह प्रवेश मई में होने वाली दूसरी परीक्षा के बाद ही स्थायी माना जाएगा।
बोर्ड के अनुसार, मुख्य परीक्षा का प्रदर्शन ‘Raj-e-Vault’ में उपलब्ध रहेगा। इसी के आधार पर विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा में अस्थाई प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम सुधारने का एक अतिरिक्त अवसर देना और पूरक परीक्षा को नई प्रणाली से बदलना है।




































