बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिलों में दिखेगा चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर,चलेगी तेज़ हवाएं ,अलर्ट जारी


THE BIKANER NEWS:-जयपुर/बीकानेर:बंगाल की खाड़ी में बने शक्तिशाली चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर अब देश के कई हिस्सों के साथ-साथ राजस्थान में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात 28 अक्टूबर की दोपहर को बापटला और विशाखापट्टनम के बीच यानम तट को पार करेगा। इस तूफान के प्रभाव से राजस्थान के मौसम में भी बड़ा बदलाव आने की संभावना है।

राजस्थान में मौसम का मिजाज और अलर्ट
- येलो अलर्ट: चक्रवात की तीव्रता को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा समेत करीब 18 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
- पूर्वी राजस्थान: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- पश्चिमी राजस्थान: आगामी तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 29 और 30 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी इस सिस्टम का असर दिखेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान में गिरावट और ठंड की शुरुआत
चक्रवात के असर और नमी के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। बीती रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन का तापमान 32 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। अनुमान है कि इस महीने के अंत तक रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है।





































