राजस्थान:-बोर्ड परीक्षाओं से पहले शिक्षा विभाग की बड़ी पहल,शहरी स्कूलों में गेस्ट टीचर्स की नियुक्ति,ऐसे होंगे आवेदन


THE BIKANER NEWS::-बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की बोर्ड परीक्षाओं से करीब दो महीने पहले शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। विद्या संबल योजना के दूसरे चरण के तहत नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है।


माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की ओर से 10 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को पूरी तरह अस्थायी आधार पर गेस्ट टीचर के रूप में लगाया जाएगा। इसके लिए 23 से 25 नवंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे।
11वीं-12वीं के शिक्षकों को 400 रुपए प्रति घंटे मानदेय
योजना के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए नियुक्त होने वाले शिक्षकों को 400 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से मानदेय दिया जाएगा। अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। आवेदन के लिए 65 वर्ष तक के सेवानिवृत्त शिक्षक और निर्धारित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता रखने वाले निजी अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
बिना इंटरव्यू होगा चयन
गेस्ट फैकल्टी के चयन में इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थियों की वरीयता सूची शैक्षणिक योग्यता के अंकों के 75 प्रतिशत और व्यावसायिक योग्यता के अंकों के 25 प्रतिशत भारांक के आधार पर तैयार होगी। चयन प्रक्रिया में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का प्रावधान भी रखा गया है।
यह रहेगा आवेदन और चयन का कार्यक्रम
शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 19 नवंबर को यूसीएसईओ स्तर पर स्कूल चयन समिति का गठन होगा तथा 21 नवंबर को रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया जाएगा। 23 से 25 नवंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। 26 नवंबर को प्राप्त आवेदनों की सूची जारी होगी।
27 और 28 नवंबर को आवेदन पत्रों की जांच कर अस्थायी वरीयता सूची जारी की जाएगी तथा आपत्तियां मांगी जाएंगी। 30 नवंबर को अंतिम वरीयता सूची जारी होगी। इसके बाद 1 दिसंबर को चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, 2 दिसंबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और 3 दिसंबर को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।
4 दिसंबर को जारी होंगे नियुक्ति आदेश
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 दिसंबर को जिला स्तरीय समिति चयन सूची को मंजूरी देगी। इसी दिन रात 11:59 बजे तक नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी। गेस्ट फैकल्टी के रूप में नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों को नियमित सरकारी सेवा में नियुक्ति का कोई अधिकार नहीं मिलेगा। फिलहाल योजना का यह चरण केवल नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के लिए लागू किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले शुरू हुई इस प्रक्रिया से शहरी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने और विद्यार्थियों की पढ़ाई को गति मिलने की उम्मीद है।





































