बीकानेर:;स्कूल के कमरे में लगी आग, प्लंबिंग का सामान जलकर राख,बरामदे में मिला पटाखों का बारूद


THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आग लगने से स्कूल के एक कमरे में रखा प्लंबिंग का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद स्कूल परिसर के बरामदे में पटाखों का बारूद भी मिला है। ऐसे में पटाखे छोड़े जाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।


जानकारी के अनुसार गजनेर थाना क्षेत्र के चांदासर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 14 नवंबर को स्कूल समय समाप्त होने के बाद एक कमरे में प्लंबिंग के सामान के चार-पांच कार्टून और अन्य सामग्री रखी गई थी। 16 नवंबर की सुबह जब स्कूल स्टाफ पहुंचा तो कमरे में आग लगी हुई मिली। आग से कमरे में रखा प्लंबिंग का सामान जल गया।
स्कूल परिसर की जांच के दौरान बरामदे में पटाखों का बारूद भी मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल परिसर में पटाखे छोड़े होंगे, जिससे आग लगी हो सकती है।
घटना की सूचना मिलने पर गजनेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्कूल की प्राचार्य किरण बाला ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गजनेर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।





































