|

बीकानेर की दो बहनों के साथ दरिंदगी और ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला आया सामने, पुलिस जुटी जांच में

THE BIKANER NEWS: बीकानेर के नोखा क्षेत्र की रहने वाली दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों को बहला-फुसलाकर जोधपुर ले जाया गया, जहां एक होटल में उनके साथ वारदात की गई। मामले में महामंदिर पुलिस थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए नोखा थाने भेजा गया है।


जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई को नोखा क्षेत्र की निवासी एक युवती दोनों बहनों, जिनकी उम्र 14 और 15 वर्ष बताई गई है, को ननिहाल छोड़ने और सस्ते कपड़ों की सेल दिखाने के बहाने ट्रेन से जोधपुर ले गई। आरोप है कि वहां पावटा सी रोड स्थित एक होटल में पहले से मौजूद तीन युवकों के साथ मिलकर दोनों नाबालिगों को नशीला पदार्थ दिया गया।


परिजनों के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए दोनों को धमकाया और दोबारा जोधपुर आने का दबाव बनाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
डरी-सहमी दोनों बहनों ने बाद में अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन जोधपुर के महामंदिर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामला नोखा क्षेत्र से संबंधित होने के कारण जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर उसे नोखा थाने भेजा गया।
नोखा थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण के अनुसार, नामजद युवती सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीओ डीएसपी दीपचंद कर रहे हैं।


पुलिस टीम आरोपियों की तलाश के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button