बीकानेर:-सीवर चैंबर से टकराकर गिरे बाइक सवार दो युवक घायल,कांग्रेस नेता ने पहुँचाया अस्पताल,सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। मंगलवार रात बीकानेर के वल्लभ गार्डन रोड पर एक हादसा हो गया, जहाँ निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क के बीचोबीच काफी समय से खुले पड़े सीवर लाइन के चैंबर से टकराकर एक बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वल्लभ गार्डन रोड पर पिछले काफी समय से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इस दौरान सड़क के ठीक बीच में एक सीवर लाइन का चैंबर खुला छोड़ा गया था और वह सड़क की सतह से ऊपर भी उठा हुआ था। निर्माण एजेंसी द्वारा इस खुले चैंबर के पास न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत बोर्ड लगाया गया था। रात के अंधेरे में बाइक सवार युवक इस चैंबर की पहचान नहीं कर पाए और सीधे उससे जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों युवक सड़क पर बुरी हालत में तड़प रहे थे। इनमें से एक युवक हादसे के बाद अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा था, जबकि दूसरा घायल हालत में बैठा हुआ था। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें संभालने की कोशिश की। अभी तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
इसी दौरान कांग्रेस नेता जितेंद्र कस्वां उसी रास्ते से गुजर रहे थे। एक्सीडेंट की स्थिति देखते ही उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना समय गवाए दोनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी में बिठाया। उन्होंने तुरंत दोनों घायल युवकों को पीबीएम ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहाँ उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पूर्व सरपंच सहीराम सारण भी उनके साथ मौजूद थे।
इस हादसे ने निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं। सड़क के बीच में इस तरह खुले सीवर चैंबर को छोड़ना किसी बड़े हादसे को खुला आमंत्रण देने जैसा है। लोगों ने मांग की है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए और जल्द से जल्द सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम किये जाएँ ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




































