दर्दनाक ट्रेन हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से बीकानेर की महिला समेत 4 की मौत

THE BIKANER NEWS:/बीकानेर | मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक ट्रेन हादसा सामने आया है। एक ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद घबराकर नीचे उतरे यात्री पास के ट्रैक पर आ रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में बीकानेर की एक महिला समेत चार लोगों (तीन महिलाएं और एक बच्चा) की मौके पर ही कटने से मौत हो गई।

रेलवे प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच चेन पुलिंग के कारण रोकी गई थी। इसी बीच अचानक ट्रेन में मोबाइल ब्लास्ट होने और आग लगने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह से यात्रियों में भारी दहशत फैल गई और जान बचाने की अफरा-तफरी में कई यात्री ट्रेन से उतरकर पास के रेलवे ट्रैक पर खड़े हो गए। इसी दौरान उस ट्रैक से गुजर रही एक अन्य तेज़ रफ़्तार ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में जान गंवाने वाली बीकानेर की महिला की पहचान घेसूरा गांव निवासी बीरमा देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बीरमा देवी कुछ ही दिन पहले अपने पीहर रघुनाथपुरा गई थीं। वहां से वह अपने रिश्तेदारों और अन्य महिलाओं के साथ तीर्थ यात्रा के लिए निकली थीं, लेकिन बीच सफर में ही यह अनहोनी हो गई।
बीरमा देवी के परिवार की कहानी बेहद मार्मिक है। ग्रामीणों के अनुसार, उनके पति गिरधारी गुसाईं का करीब 15 वर्ष पूर्व एक सड़क हादसे में निधन हो गया था। पति की मौत के बाद बीरमा देवी ने अकेले ही कड़ा संघर्ष करते हुए अपनी चार बेटियों का पालन-पोषण किया था। उनका कोई बेटा नहीं है। अब माँ का साया उठ जाने से चारों बेटियां पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं।
इस दुखद घटना की सूचना जैसे ही बीकानेर के घेसूरा गांव पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पर एकत्रित हो गए हैं और बेटियां भी गांव पहुंच रही हैं। बताया जा रहा है कि मृतका का शव सोमवार शाम तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।





































