राजस्थान में 20 जुलाई को सभी निजी स्कूल रहेंगे बंद, शिक्षा निदेशालय पर होगा प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा), राजस्थान की बीकानेर देहात कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक धोबीधोरा स्थित प्रदेश कार्यालय में कृपाल दान चारण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से यह बड़ा निर्णय लिया गया है कि आगामी 20 जुलाई (सोमवार) को प्रदेश के सभी निजी स्कूल स्वेच्छा से बंद रहेंगे। इसके साथ ही, स्कूल संचालक शिक्षा निदेशालय पर होने वाले प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन में भी भाग लेंगे।

एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी शैलेश भादानी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा गत 2 जुलाई को ‘शाला संबल मोबाइल ऐप’ के माध्यम से गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों के अनिवार्य मासिक निरीक्षण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। निजी स्कूल संचालक इन आदेशों का कड़ा विरोध कर रहे हैं।
‘इंस्पेक्टर राज और भ्रष्टाचार बढ़ने की आशंका’
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कोड़ाराम भादू ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के इस आदेश से प्रदेश में ‘इंस्पेक्टर राज’ कायम होगा और भ्रष्टाचार को सीधा बढ़ावा मिलेगा। इस बात को लेकर निजी विद्यालय अत्यंत चिंतित हैं।
उन्होंने आगे तर्क देते हुए कहा कि आरटीई (RTE) अधिनियम 2009 और राजस्थान गैर-सरकारी शैक्षिक संस्था अधिनियम 1989 के तहत मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और सरकारी विद्यालयों के पास उपलब्ध संसाधन और उनकी कार्यप्रणाली बिल्कुल अलग-अलग हैं। अतः दोनों तरह के विद्यालयों का मूल्यांकन एक ही पैमाने से करना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है





































