Big breaking:-बीकानेर SP ऑफिस के सामने आत्मदाह करने वाले युवक की इलाज के दौरान हुई मौत


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: बीकानेर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के सामने शुक्रवार को खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने वाले खाजूवाला निवासी युवक की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई है। सीओ (CO) अमरजीत सिंह चावला ने युवक की मौत की पुष्टि की है।

क्या था पूरा घटनाक्रम?
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे 4 बीजीएम भागू गांव (खाजूवाला) निवासी रामलाल एसपी कार्यालय आया था। कुछ देर बाद वह चिल्लाते हुए बाहर आया और एसपी ऑफिस के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लपटों से घिरे युवक को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े। पुलिस ने आग बुझाकर युवक को तुरंत पीबीएम (PBM) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक 80 प्रतिशत तक झुलस चुका था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम अस्पताल से ही उसे एंबुलेंस के जरिए जयपुर रेफर कर दिया गया था। जयपुर में इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई, जिसकी जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी।
युवती पर परिवाद देकर वापस ले ली थी शिकायत
मृतक रामलाल ने एक युवती पर उसे परेशान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को परिवाद दिया था। इस मामले में तत्कालीन एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि रामलाल ने शिकायत देने के बाद अपनी लिखित शिकायत वापस ले ली थी।
खुद को बताता था भाजपा नेता
रामलाल अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में खुद को भाजपा नेता बताता था। कुछ पोस्ट में उसने खुद को भागू का वार्ड पंच, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का वरिष्ठ उपाध्यक्ष और भाजपा खाजूवाला मंडल का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बताया था।
4 साल पहले भी किया था हत्या की धमकी का जिक्र
इस मामले में एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है। रामलाल ने करीब 4 साल पहले 14 जुलाई 2020 को फेसबुक पर एक पोस्ट किया था जिसमें उसने लिखा था- “मुझे हत्या की धमकी मिली है।” उसने इस पोस्ट में अपने कई मित्रों को टैग भी किया था। उस वक्त कुछ लोगों ने कमेंट कर पूछा भी था कि धमकी किसने दी है, लेकिन रामलाल ने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया था



































