बड़ी खबर: विधायक रविंद्र सिंह भाटी आएंगे बीकानेर,पूगल फांटा से करेगे यात्रा के दूसरे चरण का आगाज

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) नियमों में सरलीकरण और व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ‘EWS सरलीकरण यात्रा’ का दूसरा चरण बीकानेर से शुरू होने जा रहा है। आगामी 5 अक्टूबर को विधायक भाटी बीकानेर पहुंचेंगे, जहां पूगल फांटा से इस यात्रा के दूसरे चरण का विधिवत आगाज किया जाएगा।
इस यात्रा के माध्यम से रविंद्र सिंह भाटी सरकार के समक्ष युवाओं की कई प्रमुख मांगें रख रहे हैं। इनमें EWS प्रमाण-पत्र की वैधता अवधि को बढ़ाना और राज्य स्तर पर बने EWS प्रमाण-पत्र को केंद्रीय सेवाओं में भी मान्यता दिलाना प्रमुख है। इसके साथ ही, सरकारी भर्तियों में EWS वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा और आवेदन शुल्क में उचित राहत देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है।
गौरतलब है कि इस यात्रा के पहले चरण की शुरुआत 25 सितंबर को बाड़मेर से हुई थी। पांच दिनों तक चले इस जनसंपर्क अभियान के पहले चरण का समापन जोधपुर में हुआ था, जहां इसे व्यापक जनसमर्थन मिला था।
अब दूसरे चरण को लेकर बीकानेर में विधायक भाटी के समर्थकों और युवाओं ने जोरों-शोरों से तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन के नवीन सिंह तंवर, गजेन्द्र सिंह लूंच और नोखा के रामसिंह चरकड़ा लगातार लोगों से संपर्क साध रहे हैं। 5 अक्टूबर को पूगल फांटा पर होने वाली शुरुआत में युवाओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, और पूरे जिले की नजरें इस दिन युवाओं की भागीदारी पर टिकी रहेंगी।





































