बड़ी खबर:- कोटगेट थाना क्षेत्र मे कैफे’ पर पुलिस का छापा, गुप्त केबिन में चल रहा था अनैतिक खेल; संचालक सहित 4 गिरफ्तार


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 25 अप्रैल। शहर के व्यस्ततम कोटगेट थाना क्षेत्र में कैफे की आड़ में चल रहे अनैतिक अड्डों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शुक्रवार को कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी टीम के साथ बोथरा कॉम्प्लेक्स के पास संचालित ‘हथाई कैफे’ पर औचक छापा मारा, जहां अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

पुलिस के अनुसार, कैफे के अंदर नियमों को ताक पर रखकर गुप्त ‘बंकरनुमा केबिन’ बनाए गए थे, जिनका इस्तेमाल अनैतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
दबिश के दौरान मौके से 4-5 युवतियां और 4 युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने युवतियों को कड़ी समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, चारों युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में कैफे का मालिक और उसका असिस्टेंट भी शामिल है। पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर रही है कि इस गोरखधंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिल्डिंग पर जड़ा ताला, मालिक को अल्टीमेटम
इस कार्रवाई को और सख्त बनाते हुए पुलिस ने उस पूरी बिल्डिंग पर ताला लगा दिया है जहां यह कैफे चल रहा था। थानाधिकारी ने साफ किया है कि बिल्डिंग मालिक को बुलाकर कैफे को तुरंत वहां से हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि भविष्य में वहां दोबारा ऐसी गतिविधि पाई गई, तो पूरी बिल्डिंग को सीज करने की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
“अनैतिकता किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं”
थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने शहर के कैफे संचालकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि कोटगेट थाना क्षेत्र में कैफे या किसी भी अन्य संस्थान की आड़ में अनैतिक कार्य बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। शहर के युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसी आकस्मिक चेकिंग और रेड की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





































