|

Big Breaking:-निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में बगावत मंडल अध्यक्ष का इस्तीफा,शहर जिलाध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। 9 सितंबर को होने वाले बीकानेर नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। फड़ बाजार मंडल के अध्यक्ष अंजुम अली मुगल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा को भेजे त्यागपत्र में शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल पर टिकट वितरण में अनदेखी और गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।


अंजुम अली ने भेजे अपने त्यागपत्र में कहा है कि उन्होंने वर्तमान वार्ड 66, 67 और 77, जो पूर्व में वार्ड 25, 26 और 27 थे, से जीतने वाले तथा जमीनी स्तर पर सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम शहर अध्यक्ष को दिए थे। उनके अनुसार, 28 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे उन्हें शहर अध्यक्ष की ओर से फोन पर बताया गया कि उनके द्वारा सुझाए गए नाम प्रदेश कार्यालय भेजे ही नहीं गए।


भाजपा से मिलीभगत का लगाया आरोप
त्यागपत्र में अंजुम अली ने शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कमजोर जनाधार वाले लोगों के नाम आगे बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे कांग्रेस को चुनाव में नुकसान हो सकता है। पत्र में उन्होंने मदन गोपाल मेघवाल के भाजपा सांसद अर्जुन राम मेघवाल से रिश्तेदारी का भी उल्लेख किया है।


हालांकि, ये सभी आरोप अंजुम अली द्वारा अपने त्यागपत्र में लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और मदन गोपाल मेघवाल की ओर से इस संबंध में प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
पत्र में ‘स्लीपर सेल’ का भी जिक्र
अंजुम अली ने अपने त्यागपत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों का हवाला देते हुए पार्टी के भीतर भाजपा के कथित ‘स्लीपर सेल’ का भी जिक्र किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व पार्टी को अंदर से कमजोर कर रहे हैं।


फड़ बाजार मंडल को बताया कांग्रेस का मजबूत आधार
त्यागपत्र में अंजुम अली ने फड़ बाजार मंडल क्षेत्र को कांग्रेस का महत्वपूर्ण वोट बैंक बताते हुए यहां रहने वाले विभिन्न समाजों का उल्लेख किया है। उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला की वर्ष 1980 से 2008 के बीच हुई विधानसभा चुनावों में जीत का हवाला देते हुए इस क्षेत्र के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।


सिफारिशों की अनदेखी पर दिया इस्तीफा
अंजुम अली ने कहा कि जब एक मंडल अध्यक्ष की ओर से सुझाए गए जमीनी और जीतने वाले कार्यकर्ताओं के नामों को ही महत्व नहीं दिया जा रहा है, तो ऐसे पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। इसी के चलते उन्होंने मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
त्यागपत्र की प्रतियां पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रत्याशी यशपाल गहलोत और देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग को भी भेजी गई हैं।


नगर निगम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के एक मंडल अध्यक्ष के इस्तीफे और टिकट वितरण को लेकर लगाए गए आरोपों ने बीकानेर की स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले पर क्या रुख अपनाता है और लगाए गए आरोपों को लेकर कांग्रेस संगठन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button