|

दुखद:-गोकुल सर्किल पर निगम के टीपर की टक्कर से घायल रिटायर्ड बैंक अधिकारी की मौत, 9 दिन तक वेंटिलेटर पर रहे लापरवाही बनी वजह!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के गोकुल सर्किल के पास नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन (टीपर) की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए रिटायर्ड बैंक अधिकारी केशव दत्त आचार्य का निधन हो गया। उन्होंने अस्पताल में नौ दिन तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद अंतिम सांस ली।


जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को केशव दत्त आचार्य अपने स्कूटर पर सवार होकर मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान गोकुल सर्किल के पास नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद टीपर चालक ने लापरवाही बरतते हुए उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीट दिया। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में उन्हें पहले सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में भर्ती करवाया गया। यहां उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन नौ दिन तक उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मामले में मृतक के भतीजे शरद दत्त आचार्य ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बावजूद पुलिस ने अब तक घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज तक एकत्र नहीं किए हैं।


परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक और संबंधित व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। इसके साथ ही नगर निगम के कचरा संग्रहण ठेके, टेंडर प्रक्रिया और वाहनों के संचालन की भी संपूर्ण जांच करवाने की मांग उठाई है।
इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन, उनकी जवाबदेही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button