बीकानेर: निजी अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान किडनी निकालने का सनसनीखेज आरोप,SP ने दिए जांच के आदेश


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: चिकित्सा पेशे को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला बीकानेर के जीवन रक्षा हॉस्पिटल से सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन ने उसकी पत्नी की नसबंदी के सामान्य ऑपरेशन के बहाने उसकी एक किडनी निकाल ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मृदुल कच्छावा ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

सोनोग्राफी में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पीड़ित फकीराराम ने पुलिस में दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया कि साल 2024 में उनकी पत्नी राधा देवी की जिवन रक्षा हॉस्पिटल में नसबंदी करवाई गई थी। इसके बाद, 16-17 अप्रैल को जब महिला को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, तो उसे अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसकी सोनोग्राफी की गई।
परिवार का आरोप है कि सोनोग्राफी की रिपोर्ट ने उन्हें स्तब्ध कर दिया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला के शरीर में एक किडनी नहीं है। इस खुलासे के बाद परिवार ने अस्पताल पर धोखाधड़ी और अंग तस्करी का आरोप लगाते हुए पुलिस से संपर्क किया।
गुमराह करने और लालच देने का आरोप
शिकायतकर्ता फकीराराम ने अस्पताल की नर्स और स्टाफ पर उन्हें गुमराह करके ऑपरेशन करवाने का भी आरोप लगाया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें मुफ्त इलाज और पैसे देने का प्रलोभन देकर नसबंदी के लिए तैयार किया गया था, लेकिन बदले में उनकी पत्नी की किडनी निकाल ली गई।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए SP मृदुल कच्छावा को आपबीती सुनाई। SP ने इस पूरे प्रकरण को बेहद संवेदनशील और गंभीर माना है। उन्होंने तुरंत प्रभाव से मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


































