पश्चिम बंगाल:-स्कूल में बड़ा हादसा,चौथी मंजिल से गिरकर आठवीं का छात्र गंभीर रूप से घायल,मचा हड़कंप


KOLKATA NEWS:-कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दमदम स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां आठवीं कक्षा का एक छात्र स्कूल की चौथी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, छात्र मंगलवार को नियमित रूप से स्कूल पहुंचा था और कक्षाओं में भी शामिल हुआ था। सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच यह घटना हुई। स्कूल प्रशासन ने तत्काल घायल छात्र को नागेरबाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर दमदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के चौथी मंजिल से गिरने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। इस संबंध में स्कूल प्रशासन, कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना ने स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





































