बीकानेर में दर्दनाक हादसा: 7 साल के दोहिते को बचाने के प्रयास में नानी की भी गई जान


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर (पूगल): बीकानेर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां 52 वर्षीय नानी और उनके 7 साल के मासूम दोहिते की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भानीपुरा में भानीपुरा निवासी छैलूसिंह राजपूत के खेत स्थित ढाणी में उनका 7 वर्षीय दोहिता हरि सिंह खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पास बनी डिग्गी में गिर गया। बच्चे को गिरता देख पास ही खड़ी नानी वसु कंवर (52), पत्नी छैलूसिंह, उसे बचाने के लिए दौड़ीं। लेकिन इस जद्दोजहद में उनका भी पैर फिसल गया और वह डिग्गी में जा गिरीं। गहरे पानी में डूबने के कारण दोनों की जान चली गई।
छुट्टियां मनाने ननिहाल आया था बच्चा
बताया जा रहा है कि मृतक बच्चा और उसकी मां स्कूल की छुट्टियां मनाने के लिए अपने ननिहाल भानीपुरा आए हुए थे। घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे के वक्त छैलूसिंह घर पर मौजूद नहीं थे।
मां ने की तलाश तो पानी में तैरते मिले शव
काफी देर तक जब नानी और बच्चा दिखाई नहीं दिए, तो बच्चे की मां ने आसपास उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें डिग्गी में दोनों के शव तैरते हुए दिखाई दिए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इस दर्दनाक हादसे की सूचना दी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सूचना मिलते ही पूगल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को डिग्गी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूगल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच एएसआई शंभू सिंह को सौंपी गई है। छुट्टियों की खुशी के बीच हुए इस अचानक हादसे से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।





































