दर्दनाक हादसा: अमरनाथ यात्रियों से भरी टेंपो ट्रैवलर ट्रेलर से टकराई, 4 श्रद्धालुओं की मौत

बालोतरा | अमरनाथ यात्रा के लिए आस्था और उत्साह के साथ निकले बालोतरा के श्रद्धालुओं का सफर बुधवार तड़के पंजाब में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव जोधपुर रोमाणा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टेंपो ट्रैवलर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में राजस्थान के बालोतरा के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बालोतरा से करीब 12 श्रद्धालुओं का दल अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ था। बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन में फंस गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
हादसे में एक ही परिवार के चार श्रद्धालुओं की जान चली गई। मृतकों में दो सगी बहनें और उनके साढ़ू भाई शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को पहले बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को एम्स बठिंडा रेफर किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और सहारा जन सेवा संस्था की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।





































