बड़ी खबर:- तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग, 4 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका,बिल्डिंग में संचालित थे कई संस्थान

THE BIKANER NEWS:-लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
दीवार तोड़कर अंदर पहुंची दमकल टीम
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता को देखते हुए फायरकर्मियों ने बिल्डिंग के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। रेस्क्यू के दौरान तीन शव अंदर से निकाले गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी मौत की पुष्टि हुई है।

जान बचाने के लिए युवक ने लगाई छलांग
आग लगने के बाद बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। वह नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।
14 एंबुलेंस तैनात, डिप्टी सीएम पहुंचे मौके पर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 14 एंबुलेंस मौके पर तैनात की हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
बिल्डिंग में संचालित थे कई संस्थान
जानकारी के अनुसार इस कमर्शियल बिल्डिंग के अलग-अलग फ्लोर पर विभिन्न प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे—
बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहला फ्लोर: पेट शॉप और क्लिनिक।
दूसरा फ्लोर: ‘लर्निंग स्पेस’ नामक लाइब्रेरी/कोचिंग सेंटर तथा ‘हेड हॉपर स्टूडियो’, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता था।
“पापा बचा लीजिए, यहां आग लग गई है”
इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। आलमबाग निवासी प्रभजोत सिंह ने बताया कि उनका बेटा इसी बिल्डिंग में एनिमेशन आर्टिस्ट के रूप में कार्य करता है। दोपहर करीब सवा दो बजे बेटे का फोन आया और उसने घबराते हुए कहा, “पापा बचा लीजिए, यहां आग लग गई है।” इसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा, लेकिन देर शाम तक बेटे का कोई पता नहीं चल पाया।
धुएं से ढका इलाका, जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
आग इतनी भीषण थी कि पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। आसपास मौजूद लोगों ने बिल्डिंग के अंदर से मदद की गुहार और चीख-पुकार की आवाजें सुनने की बात कही। फिलहाल दमकल और प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है।





































