Rajasthan :-बीकानेर जैसलमेर जयपुर सहित 30 जिलों में आंधी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

THE BIKANER NEWS:-जयपुर, 17 जून। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी, मेघगर्जन और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 10 से अधिक जिलों में बारिश हुई है। झुंझुनूं जिले के मलसीसर में सर्वाधिक 66 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण दिन के तापमान में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे जनजीवन को राहत मिली है।

17 जून के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 जून को प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, नागौर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ शामिल हैं।
18 जून को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इसे देखते हुए जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और नागौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की प्रबल संभावना है।
वहीं दौसा, जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अजमेर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। विभाग ने पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। प्री-मानसून की इस बारिश से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है।




































