आज से शहरवासियों को कचरे और गंदगी के ढेरो से निजात मिलने की उम्मीद बीकानेर में फिर शुरू होगी कचरा उठान व्यवस्था,सुनाई देगी नई धुन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: शहर में पिछले 16 दिनों से ठप पड़ी घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुक्रवार से फिर शुरू होने जा रही है। कचरा गाड़ियों के नहीं आने से शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए थे। अब नगर निगम प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती जमा हुए कचरे को हटाकर शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य करना है।
शहर बना अघोषित डंपिंग यार्ड
शहर में प्रतिदिन करीब 350 टन कचरा एकत्रित होता है। पिछले 16 दिनों से टिपर और ट्रैक्टर बंद रहने के कारण बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया। हालात बिगड़ने पर लोगों ने खाली जगहों और नालियों में भी कचरा डालना शुरू कर दिया, जिससे ड्रेनेज व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई।
नगर निगम प्रशासन और नई फर्म के सामने अब इस कचरे को समेटने की चुनौती है। निगम के अनुसार शहर को पूरी तरह साफ करने में कम से कम एक सप्ताह लग सकता है।
170 बड़े टिपर और 15 छोटे ट्रैक्टर उतरेंगे
नगर निगम के दावे के अनुसार शुक्रवार से 170 बड़े टिपर और 15 छोटे ट्रैक्टर घर-घर कचरा संग्रहण के लिए मैदान में उतरेंगे। इससे पहले निगम के पास करीब 82 टिपर ही उपलब्ध थे।
अब नहीं सुनाई देगी पुरानी धुन
कचरा संग्रहण वाहनों में अब तक सुनाई देने वाली “गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल” वाली पुरानी धुन भी बदल दी गई है। अब वाहनों में स्थानीय गायकों द्वारा तैयार की गई मारवाड़ी धुन सुनाई देगी—
“आओ सा… आओ सा…
कचरा दे जाओ सा…
राम राम बीकाणै वाला, जरा ध्यान धरिजा…”
16 दिन बाद शुरू हो रही व्यवस्था से शहरवासियों को जमा कचरे से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि पूरे शहर को सामान्य स्थिति में लाने में अभी करीब एक सप्ताह लगने की संभावना जताई जा रही है।




































