Rajasthan:-मामूली नौकरी करने वाले युवक के खाते में आये एक लाख करोड़ रुपये,रकम देखकर परिवार के उड़े होश


THE BIKANER NEWS:सीकर। राजस्थान के सीकर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मेडिकल शॉप पर महज 10 हजार रुपये महीने की नौकरी करने वाले समीर खान के बैंक खाते में अचानक 1 लाख करोड़ रुपये क्रेडिट होने का मामला सामने आया है। इतनी बड़ी रकम खाते में देखकर समीर ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लोग भी हैरान रह गए।


जानकारी के अनुसार, समीर खान कोटक महिंद्रा बैंक में खाता रखते हैं। एक दिन उन्होंने बैंक ऐप के जरिए मोबाइल रिचार्ज करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने अपना बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो खाते में 1 लाख करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम दिखाई दी।
बैंक ने फ्रीज किया खाता, खुद की कमाई भी अटकी
बताया जा रहा है कि बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के चलते इतनी बड़ी रकम खाते में दिखाई दी। मामला सामने आने के बाद बैंक ने उनका खाता फ्रीज कर दिया। हैरानी की बात यह है कि समीर के खाते में उनकी खुद की मेहनत की कमाई के करीब 55 हजार रुपये भी जमा थे, लेकिन खाता फ्रीज होने के बाद अब बैलेंस जीरो दिखाई दे रहा है।
साइबर पुलिस ने बैंक से संपर्क करने की दी सलाह
समीर ने मामले को लेकर साइबर क्राइम थाना पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बैंक से संपर्क करने की सलाह दी गई। फिलहाल इस पूरे मामले में बैंक की तकनीकी गड़बड़ी और खाते में दिखाई गई रकम को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
10 हजार रुपये महीने की नौकरी करते हैं समीर
सीकर शहर के सालासर बस स्टैंड स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट के संचालक धीरज शर्मा ने भी पुष्टि की है कि समीर जनवरी महीने से उनकी दुकान पर काम कर रहे हैं और उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता है।
बताया जा रहा है कि खाते में दिखाई गई 1 लाख करोड़ रुपये की रकम नेपाल, भूटान, मालदीव, मार्शल आइलैंड्स और माइक्रोनेशिया जैसे कई देशों की GDP से भी अधिक है।
फिलहाल यह मामला बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी और खाताधारक की अपनी जमा पूंजी फंसने को लेकर चर्चा में है।





































