बड़ी खबर:-पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद कई नेता हिरासत में

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने, कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं, दवाइयों की कमी तथा सीएम मूंदड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग शुरू करने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा और छात्र नेता हरिराम गोदारा कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य के चिकित्सा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी मेडिकल कॉलेज की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और बाद में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस बस में भरकर ले गई।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने आरोप लगाया कि पीबीएम अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण बेहतर इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें केवल परेशानी और धक्के ही मिलते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएम मूंदड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग को राजनीतिक कारणों से शुरू नहीं किया जा रहा है।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





































