बीकानेर में युवक पर दरिंदगी की हद पार, अधमरा कर नाले के पास फेंका; 2 आरोपी गिरफ्तार


THE BIKANER NEWS बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। माल गोदाम रोड स्थित रेलवे कॉलोनी में बदमाशों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी निर्वस्त्र अवस्था में अधमरा छोड़कर नाले के पास पटककर फरार हो गए। युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की आईसीयू में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।


जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की मध्यरात्रि को गाढ़वाला निवासी नरेश कुमार मेघवाल के पुत्र भोमराज पर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। मारपीट में युवक बुरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। आरोपियों को जब लगा कि युवक की मौत हो चुकी है, तो वे उसे नाले के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए।घटना के संबंध में 13 नवंबर को कोटगेट थाने में मामला दर्ज करवाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कानाराम (20) और देवप्रकाश (21) निवासी मेघवालों का मोहल्ला, गाढ़वाला के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण वैष्णव की अहम भूमिका रही।फिलहाल गंभीर रूप से घायल भोमराज पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।





































