कल राजस्थान में यहां इंटरनेट रहेगा बंद,जाने वजह


जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं।इसी क्रम में जिला प्रशासन ने शहर में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

आयुक्त वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 7 जून की रात 12 बजे से 8 जून की रात 12 बजे तक 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।इस दौरान वॉट्सऐप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी प्रभावित रहेंगे। साथ ही बल्क SMS और MMS सेवाओं पर भी रोक लगा दी गई है।हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, जिससे आमजन आवश्यक संवाद कर सकेंगे।प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय शांति व्यवस्था बनाए रखने और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।




































