|

नाथद्वारा यात्रा के बीच मौत, चलती बस से गिरा बीकानेर का युवक

बीकानेर। बीकानेर से नाथद्वारा दर्शन करने जा रहे एक युवक की जोधपुर में चलती बस से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। हादसा करवड़ थाना क्षेत्र में आईआईटी गेट नंबर-2 के पास हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीकानेर के वल्लभ गार्डन निवासी 32 वर्षीय कृष्णा पी. माधवानी अपने पिता पुरुषोत्तम माधवानी के साथ 12 अक्टूबर की रात बस नंबर AR 11 C 9200 से नाथद्वारा के लिए रवाना हुए थे। बस रात करीब 9 बजे बीकानेर से निकली थी।

रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच बस जोधपुर में आईआईटी गेट नंबर-2 के पास पहुंची। इसी दौरान कृष्णा बस में बने वॉशरूम की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि बस का मुख्य गेट खुला हुआ था और तेज रफ्तार के चलते वह गेट से नीचे सड़क पर गिर गए। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद पिता और बस में मौजूद अन्य लोग घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

सूचना मिलने पर करवड़ थाना पुलिस मोर्चरी पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के पिता पुरुषोत्तम माधवानी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button