|

बीकानेर: चाकूबाजी मामले की जांच में लापरवाही पर एसपी का सख्त एक्शन, एएसआई को बॉर्डर थाने भेजा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 18 जून। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की गंभीर वारदात की जांच में कथित लापरवाही बरतना एक पुलिस अधिकारी को महंगा पड़ गया। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मृदुल कच्छावा ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए जांच अधिकारी एएसआई कोहरसिंह को नयाशहर थाने से हटाकर सीमावर्ती खाजूवाला थाना भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले डीडू सिपाहियान मोहल्ले में चाकूबाजी की एक गंभीर घटना हुई थी। पीड़ित इरफान अली द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि मोहल्ले में नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर मोइन खान, दानिश और सोइन खान ने उस पर चाकू, लाठियों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में इरफान अली गंभीर रूप से घायल हो गया था।


इस मामले की जांच एएसआई कोहरसिंह को सौंपी गई थी, लेकिन पीड़ित पक्ष जांच की गति और कार्रवाई से संतुष्ट नहीं था। पीड़ित परिवार ने एसपी मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर जांच अधिकारी पर लापरवाही और मामले में ढिलाई बरतने के आरोप लगाए।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की और एएसआई कोहरसिंह का तबादला नयाशहर थाने से खाजूवाला थाना कर दिया। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि गंभीर मामलों की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


वहीं मामले में पुलिस अब तक एक आरोपी सोइन खान को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि मुख्य आरोपी मोइन खान और दानिश अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और तलाश अभियान जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button