बीकानेर: एक ही आंगन में शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम, दो बेटियों की विदाई के बाद दी भाभी के निधन की दुःखद सूचना

thebikanernews.com:- बीकानेर। जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुएं और आसपास के मोहल्ले में गुरुवार रात शादी की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब एक परिवार के सदस्य का निधन हो गया. हालांकि, परिवार के कुछ सदस्यों ने बेटियों की शादी और विदाई की रस्मों में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए निधन की खबर को सुबह विदाई होने तक गोपनीय रखा.
खुले चौक में पहुंची दो बारातें
परंपरा के अनुसार मोहल्ले के खुले चौक में स्टेज सजाया गया और 20 से अधिक घरों पर रोशनी की गई. पत्रकार दिनेश जोशी की दो बेटियों निकिता और अंकिता की शादी के लिए गुरुवार रात एक के बाद एक दो बारातें पहुंचीं. दिनेश पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं, जिसके चलते मोहल्ले में उनकी बेटियों की शादी को लेकर विशेष उत्साह था. करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने चौक में भोजन किया और घर के आंगन में दो चंवरियां सजाई गईं.
चुपचाप अस्पताल ले जाया गया, रात करीब 11 बजे निधन
शादी समारोह के बीच अचानक दिनेश के घर में हलचल हुई और कुछ महीनों से बीमार चल रहीं उनकी भाभी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. मोहल्ले के लोग जो रसोई व भोजन की व्यवस्था संभाल रहे थे, वे तुरंत घर पहुंचे और भाभी को चुपचाप अस्पताल ले जाया गया. रात करीब साढ़े दस बजे पीबीएम अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया. परिवार के कुछ सदस्यों ने इस दुख को अपने तक सीमित रखा ताकि शादी और विदाई का कार्यक्रम निर्विघ्न चलता रहे.
विदाई के बाद खुला दुख का राज
शुक्रवार सुबह दोनों बेटियों की विदाई के बाद परिवार और मोहल्ले को रात में हुए निधन की जानकारी दी गई. जिस आंगन में रात को दो चंवरियां सजाई गई थीं, उसी आंगन में सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी की गई. रात भर रोशनी से जगमगाने वाले मोहल्ले में सुबह शोक की खामोशी छा गई और पूरा मोहल्ला परिवार के दुख में साथ खड़ा नजर आया.






































