पश्चिम बंगाल:-‘फिल्मी’ अंदाज में खाकी का कड़ा एक्शन: पुलिसकर्मी पर गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश में इलाका छावनी में तब्दील


पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित हीरापुर इलाके में इन दिनों भारी तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस टीम पर गोली चलाने की दुस्साहसिक वारदात के बाद आरोपी प्रताप दास की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया है। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनात के साथ ही फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।


दीवारों को फांदकर घरों की तलाशी, चप्पे-चप्पे पर पहरा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिसकर्मी पर हमला करने के बाद से फरार चल रहे दुर्दांत आरोपी प्रताप दास को पकड़ने के लिए पुलिस बल की कई टीमें इलाके की गली-गली खंगाल रही हैं। हाथ में लोड पिस्टल और अत्याधुनिक हथियार लिए पुलिस जवान एक-एक मकान और संकरी गलियों में दबिश दे रहे हैं।
तलाशी अभियान इतना सख्त है कि पुलिसकर्मी छतों और चारदीवारियों को फांदकर संदिग्ध ठिकानों में प्रवेश कर रहे हैं। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए आम लोगों को एहतियातन अपने-अपने घरों के भीतर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अघोषित ‘कर्फ्यू’ जैसा माहौल बन गया है।
इलाके में भारी तनाव, एनकाउंटर की सुगबुगाहट
पुलिसकर्मी पर सीधी गोलीबारी की इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में कड़ा आक्रोश है। इलाके में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अचानक शुरू हुई इस भारी घेराबंदी और पुलिस के आक्रामक रवैये को देखकर स्थानीय लोगों में भारी दहशत व्याप्त है। गली-मोहल्लों में बस एक ही चर्चा है—क्या पुलिस और बदमाश के बीच किसी बड़ी मुठभेड़ (एनकाउंटर) की आहट है? हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इलाके में तनाव अपने चरम पर है।





































