बीकानेर में दुकानदार पर पाइप और लोहे की रॉड से हमला, दुकान में की तोड़फोड़,पुलिस जुटी जांच में

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती में एक दुकान पर बैठे व्यक्ति पर पाइप और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों द्वारा की गई यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में रामपुरा बस्ती गली नंबर 4 के निवासी शेराराम चौधरी ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठकर फोन चला रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:53 बजे कुछ लोग दुकान पर आए और पाइप व लोहे की रॉड से उन पर अचानक हमला कर दिया। परिवादी के अनुसार, इस हमले में उनके सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोटें आई हैं। आरोपियों ने मारपीट के साथ-साथ दुकान में तोड़फोड़ भी की, जिससे दुकान का काउंटर टूट गया।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी ने 25 सितंबर को पुलिस थाने में सूचना दी थी। इसके बाद दो दिन तक आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने पर उसने एक आरोपी की पहचान शहजाद (पुत्र सलीम), निवासी गली नंबर 12 के रूप में की है।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल मुकेश को सौंपी गई है, जो फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की बारीकी से जांच कर रहे हैं।





































