बीकानेर निकाय चुनाव,इस वार्ड में बूथ के बाहर पुलिस से मारपीट के आरोप, तीन नामजद,मुकदमा दर्ज

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर | नगर निगम चुनाव के दौरान पुलिस के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने का पहला मामला मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में सामने आया है। वार्ड 21 के मतदान केंद्र के बाहर चुनावी नियमों की पालना करवाने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर हाथापाई और लाठी से हमला करने का आरोप है। मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 7-8 अन्य लोगों को अज्ञात बताया गया है।
बूथ के बाहर टेबल-कुर्सी लगाकर बैठे थे कार्यकर्ता
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 9 सितंबर को चुनाव गश्त के दौरान मोबाइल पार्टी के इंचार्ज एएसआई ललितसिंह को सूचना मिली कि वार्ड 21 के शिव बालक उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर 200 मीटर की निर्धारित सीमा में कुछ लोग टेबल-कुर्सियां लगाकर बैठे हैं और वहां भीड़ जमा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को चुनाव आयोग के नियमों की पालना करने तथा मौके से हटने के लिए कहा।
समझाने पर शुरू हुआ विवाद
आरोप है कि पुलिस की समझाइश के बाद कुछ लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने 3-4 लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया तो कथित तौर पर आरोपियों ने लाठियां निकालकर पुलिस जाब्ते पर हमला कर दिया।
घटना में एएसआई ललितसिंह और कांस्टेबल विनोद कुमार के चोटिल होने की बात सामने आई है।
तीन नामजद, 7-8 अन्य अज्ञात
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बंगला नगर में शिवशक्ति गोदाम के पीछे जाकर छिप गए। मामले में बंगला नगर निवासी महेंद्र राव, कालूराम राव और जयप्रकाश राव को नामजद किया गया है। इनके साथ 7-8 अन्य लोगों के शामिल होने का भी आरोप है, जिन्हें फिलहाल अज्ञात बताया गया है।
कोतवाली पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने और राजकार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच कोतवाली थाना एसएचओ सविता डाल को सौंपी गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





































