बच्चों को हाथ धोने एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक


नेहरू बस्ती, देशनोक। उच्च प्राथमिक विद्यालय नेहरू बस्ती, देशनोक में स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट मदर एंड चाइल्ड केयर के सहयोग एवं तत्त्वावधान में चल रहे रैकिट डिटॉल बनेगा स्वच्छ इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, व्यक्तिगत स्वच्छता रखने तथा विद्यालय एवं आसपास के परिसर को साफ-सुथरा रखने के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि भोजन करने से पहले और बाद में तथा आवश्यकतानुसार साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत अपनाने से कई प्रकार के कीटाणुओं और बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
ममता HIMC की ब्लॉक समन्वयक मीना कंवर ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदतों में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को नियमित हाथ धोने, साफ कपड़े पहनने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने भी बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता की अच्छी आदतें विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं स्वच्छ रहने के साथ-साथ अन्य बच्चों और परिवार के सदस्यों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें कीटाणुओं एवं बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोने और साफ-सफाई की आदत अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। बच्चों ने भी स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया.




































