बीकानेर के लालमदेसर मगरा में न्यायालय के स्थगन आदेश की अवहेलना, अवैध बोरवेल खुदाई का आरोप


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर के ग्राम लालमदेसर मगरा में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ कथित तौर पर न्यायालय द्वारा दिए गए ‘यथास्थिति’ (Status Quo) के स्थगन आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए एक खेत में जबरन बोरवेल की खुदाई की जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (SP), बीकानेर और तहसीलदार को लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लालमदेसर मगरा स्थित खाता संख्या 314, खसरा संख्या 201 की भूमि पर मानननीय न्यायालय सहायक कलेक्टर बीकानेर द्वारा ‘यथास्थिति’ का स्थगन आदेश (Stay Order) लागू है। शिकायतकर्ता महीराम सारण और अन्य सह-खातेदारों का आरोप है कि 27/10/2026 को विपक्षी बेगाराम पुत्र करनाराम और उसके पुत्रों ने न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए एक बोरवेल मशीन जबरन खेत में घुसा दी और खुदाई शुरू कर दी। उन्होंने बोरवेल मशीन मालिक मनमोहन पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 27/10/2026 को ही पुलिस थाना देशनोक में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी गंभीर आरोप है कि नायब तहसीलदार को शिकायत करने पर उन्होंने उनके मोबाइल नंबरों को ब्लैकलिस्ट कर दिया, जिससे संपर्क बाधित हो गया।
पुलिस और प्रशासन की कथित निष्क्रियता से परेशान होकर शिकायतकर्ताओं ने 29/10/2026 को पुलिस अधीक्षक (SP) और तहसीलदार, बीकानेर को नए सिरे से लिखित प्रार्थना पत्र सौंपे। उन्होंने मांग की है कि:
- मौके पर तुरंत भारी पुलिस बल भेजा जाए।
- अवैध बोरवेल मशीन को खेत से बाहर निकाला जाए।
- न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वालों और अवैध अतिचार (Trespass) करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ताओं ने मौके पर गंभीर शांति भंग और अशांति की आशंका जताई है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं।





































