Breaking;- मेघवाल के वायरल वीडियो से नाराज कोंग्रेस नेता ने दिया इस्तीफा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 30 मार्च 2026:राजस्थान के बीकानेर में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बीकानेर शहर कांग्रेस के महासचिव आनंद कुमार जोशी ने सोमवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस संगठन के जिला अध्यक्ष को सौंप दिया है।

इस इस्तीफे के पीछे की मुख्य वजह पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल के एक हालिया वायरल वीडियो को बताया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
रामेश्वर डूडी और अन्य नेताओं के अपमान से थे आहत
अपने इस्तीफे में आनंद कुमार जोशी ने लिखा है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो से अत्यंत आहत हैं, जिसमें पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल ने उनके आदर्श और वरिष्ठ नेता श्री रामेश्वर डूडी के प्रति अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया है। जोशी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की भाषा उन्हें किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इस वीडियो में पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला, वर्तमान अध्यक्ष मदन गोपाल और श्री शंकर पन्नू पर भी अभद्र टिप्पणियां की गई हैं और ‘जातिवाद का जहर’ उगला गया है।
प्रदेश संगठन की निष्क्रियता पर उठाए सवाल
जोशी ने पत्र में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने इस विवादित वीडियो को लेकर प्रदेश संगठन से उचित कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन अब तक पार्टी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि संगठन की इस निष्क्रियता के कारण पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।
आत्मसम्मान और सिद्धांतों को सर्वोपरि बताया
पार्टी के इस रुख से निराश होकर आनंद कुमार जोशी ने अपने पद और पार्टी से दूरी बना ली है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में साफ लिखा है कि वे अपने आत्मसम्मान और सिद्धांतों के चलते इस्तीफा दे रहे हैं और अपने आदर्शों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर सकते।
इस इस्तीफे से बीकानेर की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।




































