बीकानेर नगर निकाय चुनाव: पांच जगह दाखिल होंगे नामांकन, छुट्टियों के चलते मिलेंगे सिर्फ तीन दिन

बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर बीकानेर जिले में नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां तेज हो गई हैं। बीकानेर नगर निगम के सभी 80 वार्डों के लिए नामांकन पत्र एक ही कार्यालय में नहीं, बल्कि अलग-अलग पांच स्थानों पर दाखिल किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने शहर के 80 वार्डों को पांच हिस्सों में विभाजित कर अलग-अलग अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
बीकानेर नगर निगम में पांच स्थानों पर होंगे नामांकन
नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) रीना को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के नामांकन पत्र अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) कार्यालय में जमा होंगे।
वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त कुणाल राहड़ रिटर्निंग अधिकारी होंगे। इन वार्डों के प्रत्याशी बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त ऋषि सुधांशु पाण्डे को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन में संपादित की जाएगी।
इसी प्रकार वार्ड 51 से 65 के लिए बीकानेर तहसीलदार विवेक चौधरी को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। इन वार्डों के नामांकन पत्र तहसील कार्यालय बीकानेर में जमा होंगे।
वहीं वार्ड 66 से 80 के लिए छत्तरगढ़ के उपखण्ड अधिकारी पवन कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में होगी।
नोखा नगर पालिका में दो जगह होंगे नामांकन
नगर पालिका नोखा के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट नोखा कार्यालय में नामांकन पत्र जमा होंगे, जबकि वार्ड 26 से 45 के लिए तहसीलदार नोखा कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। संबंधित अधिकारी ही इन वार्डों के रिटर्निंग ऑफिसर होंगे।
श्रीडूंगरगढ़ में भी दो कार्यालयों में प्रक्रिया
नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ के वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्रीडूंगरगढ़ को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है और नामांकन उपखण्ड कार्यालय में होंगे। वहीं वार्ड 21 से 40 के लिए तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ रिटर्निंग अधिकारी होंगे तथा नामांकन पत्र तहसील कार्यालय में जमा किए जाएंगे।
लूणकरणसर में भी अलग-अलग कार्यालय
नगर पालिका लूणकरणसर के वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट लूणकरणसर रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय में जमा होंगे। वार्ड 21 से 35 के लिए तहसीलदार लूणकरणसर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा नामांकन पत्र तहसील कार्यालय में दाखिल किए जाएंगे।
देशनोक, नापासर और खाजूवाला में भी तय हुए स्थान
नगर पालिका देशनोक के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के नामांकन पत्र नगर पालिका देशनोक कार्यालय में जमा होंगे।
नगर पालिका नापासर के वार्ड 1 से 25 के लिए सहायक कलेक्टर बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है और नाम निर्देशन प्रक्रिया नगर पालिका नापासर कार्यालय में होगी।
नगर पालिका खाजूवाला के वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड अधिकारी खाजूवाला को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। यहां नामांकन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय में संपादित की जाएगी।
तीन दिन ही मिलेंगे नामांकन दाखिल करने के
नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित अवधि में अवकाश होने के कारण प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए सीमित समय मिलेगा। जानकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के दौरान 28 अगस्त को रक्षा बंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में नामांकन दाखिल करने के लिए प्रभावी रूप से केवल तीन दिन ही उपलब्ध रहेंगे।
नामांकन पत्र प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशियों को तय समय और अपने संबंधित वार्ड के लिए निर्धारित कार्यालय में ही नामांकन पत्र दाखिल करना होगा।




































