शहर के इस थाना क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा जामसर से करीब पांच किलोमीटर पहले हुआ, जहां लूनकरनसर की ओर जा रही एक पिकअप ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार कालू निवासी हीरालाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 21 अगस्त को उसका बेटा रमेश मोटरसाइकिल से बीकानेर के लिए रवाना हुआ था। परिवादी भी दूसरी मोटरसाइकिल से उसके पीछे चल रहा था। इसी दौरान जामसर से करीब पांच किलोमीटर पहले पिकअप नंबर RJ 13 UB 2871 के चालक ने कथित रूप से गलत दिशा में और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रमेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई राजवीर सिंह को सौंपी गई है।





































