|

बीकानेर:-हलफनामों में वार्ड 73 के पारीक और वार्ड 50 के डागा के पास करोड़ो की अचल संपत्ति,वार्ड 45 और वार्ड 58 के किराडू की हजारों में संपत्ति

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 8 सितंबर 2026। बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा के कुल 160 प्रत्याशियों के नामांकन और हलफनामों से चुनावी मैदान की एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। एक ओर करोड़ों रुपये की संपत्ति वाले प्रत्याशी मैदान में हैं, तो दूसरी ओर ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिनकी घोषित चल संपत्ति कुछ हजार रुपये तक सीमित है।


संपत्ति के मामले में बड़ा अंतर
हलफनामों के अनुसार, भाजपा के वार्ड 73 से प्रत्याशी दीपक पारीक सबसे अधिक संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं। उनकी कुल घोषित संपत्ति 35.04 करोड़ रुपये है। इसमें 3.40 करोड़ रुपये की चल और 31.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
इसके बाद कांग्रेस के वार्ड 50 से प्रत्याशी नवरतन डागा का नाम आता है। उनकी कुल घोषित संपत्ति 9.04 करोड़ रुपये है, जिसमें 1.99 करोड़ रुपये चल और 7.05 करोड़ रुपये अचल संपत्ति है।
महिला प्रत्याशियों में भाजपा की वार्ड 28 से उम्मीदवार मधु देवी सुराणा सबसे अधिक संपत्ति वाली बताई गई हैं। उनके हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 7.32 करोड़ रुपये है, जिसमें 5.82 करोड़ रुपये चल और 1.50 करोड़ रुपये अचल संपत्ति है।


कांग्रेस और भाजपा के करोड़पति प्रत्याशी
कांग्रेस के प्रमुख करोड़पति प्रत्याशियों में वार्ड 13 से दुष्यंत सिंह शेखावत की 5.07 करोड़ रुपये, वार्ड 41 से अश्विन मिश्रा की 5.49 करोड़ रुपये, वार्ड 73 से अनिल कल्ला की 4.92 करोड़ रुपये और वार्ड 35 से मनोज बिश्नोई की 3.32 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति है।
वहीं भाजपा के वार्ड 62 से गोपाल अग्रवाल के पास 1.86 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और वार्ड 12 से हिमांशु शर्मा की कुल घोषित संपत्ति 2.02 करोड़ रुपये है।


1100 रुपये की संपत्ति वाले प्रत्याशी भी मैदान में
चुनाव में संपत्ति के मामले में दूसरी तस्वीर भी सामने आती है। भाजपा के वार्ड 45 से प्रत्याशी महेंद्र कुमार पड़िहार के पास हलफनामे के अनुसार केवल 1,100 रुपये की चल संपत्ति है। वहीं वार्ड 58 से सतीश कुमार किराड़ के पास 6,386 रुपये की चल संपत्ति घोषित की गई है।
कांग्रेस की ओर से वार्ड 23 की पूनम पारीक और वार्ड 74 की सरिता व्यास ने 7,000 रुपये की चल संपत्ति घोषित की है।
इस तरह एक ही चुनावी मैदान में करोड़ों की संपत्ति वाले प्रत्याशियों के साथ बेहद कम संपत्ति वाले उम्मीदवार भी मतदाताओं के बीच अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।


शिक्षा के मामले में भी विविधता
प्रत्याशियों की शैक्षणिक योग्यता के आंकड़े भी चुनावी मैदान की विविधता को सामने रखते हैं। दोनों प्रमुख दलों में डॉक्टर, वकील और सीए जैसे पेशेवरों से लेकर साक्षर उम्मीदवार तक शामिल हैं।
कांग्रेस के 15 प्रतिशत और भाजपा के 12.50 प्रतिशत प्रत्याशी उच्च शिक्षित बताए गए हैं। इनमें Ph.D., LLM, CA और MBA जैसी उच्च डिग्रियां रखने वाले उम्मीदवार शामिल हैं।
वहीं कांग्रेस के 23.75 प्रतिशत और भाजपा के 25 प्रतिशत उम्मीदवारों के पास BA, BSc, BCom, LLB या BBA जैसी स्नातक अथवा प्रोफेशनल डिग्रियां हैं।


महिला प्रत्याशियों की शिक्षा की बात करें तो कुल महिला उम्मीदवारों में 34 प्रत्याशी 10वीं कक्षा तक पढ़ी हैं। भाजपा की महिला प्रत्याशियों में 26.67 प्रतिशत स्नातक या उससे अधिक शिक्षित हैं।
धन, शिक्षा और सामाजिक पृष्ठभूमि का संगम
बीकानेर नगर निगम चुनाव में सामने आए हलफनामे बताते हैं कि इस बार चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की आर्थिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि में काफी विविधता है। करोड़ों की संपत्ति वाले उम्मीदवारों से लेकर मात्र 1,100 रुपये की चल संपत्ति घोषित करने वाले प्रत्याशी तक चुनाव लड़ रहे हैं।

नोट:-मीडिया रिपोट्स के आधार पर ये सारी जानकारी प्रेषित की गई है!

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button