देहदान जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान: पत्रकार विनय थानवी ‘महर्षि दधीचि सम्मान’ से अलंकृत






THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर में सामाजिक सरोकार और अंगदान-देहदान के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा देने वाले अनुभवी पत्रकार विनय थानवी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। शनिवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के सभागार में महर्षि दधीचि जयंती के अवसर पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन एनाटॉमी विभाग एवं अखिल भारतीय दाधीच फाउंडेशन, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
समारोह के दौरान पत्रकार विनय थानवी को बीकानेर जिले में पत्रकारिता के माध्यम से आमजन के बीच देहदान के महत्व का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने और समाज को इस पावन कार्य के लिए प्रेरित करने पर प्रेरक (मोटिवेटर) के रूप में सम्मानित किया गया।
संतों व उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ सम्मान
यह सम्मान समारोह पूज्य संतों और प्रशासनिक व चिकित्सा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों कि उपस्थिति में संपन्न हुआ। मंच पर शिवबाड़ी मठ के महंत स्वामी विमर्शानंद गिरी महाराज, अग्नि अखाड़ा के स्वामी वसुन्दरानन्द महाराज, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. रेखा आचार्य, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि तथा अखिल भारतीय दाधीच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार दाधीच की गरिमामय उपस्थिति रही।
अतिथियों ने पत्रकार विनय थानवी को पुष्पमाला पहनाकर, उपर्णा ओढ़ाकर, महर्षि दधीचि का तैलचित्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।
*समाज में देहदान के प्रति सकारात्मकता फैलाना ही प्राथमिकता : थानवी
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत विनय थानवी ने आयोजन समिति व अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि का जीवन परमार्थ और त्याग का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे अपनी लेखनी और पत्रकारिता के माध्यम से देहदान व अंगदान जैसे जीवनदायी अभियान के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेंगे।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने भी थानवी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से देहदान जैसी भ्रांतियों को दूर कर समाज को जागरूक करना अत्यंत प्रशंसनीय व अनुकरणीय पहल है।





































