व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो-बाइक भिड़ंत में एक की मौत

बीकानेर। व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के सांगलपुरा के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार थे। बोलेरो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।सूचना मिलने पर डीवाईएसपी जयप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।





































