|

राजस्थान में गुलाबी सर्दी की दस्तक,इस दिन से बीकानेर सहित कई जिलों में बारिश के साथ ठंड बढ़ने के आसार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। राजस्थान में गर्मी के तेवर अब धीरे-धीरे नरम पड़ने लगे हैं। कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ ही प्रदेश में गुलाबी सर्दी की दस्तक महसूस होने लगी है। बुधवार को पिलानी, जैसलमेर, चूरू और श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई। वहीं, राज्य के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।


उदयपुर, भीलवाड़ा, सिरोही और नागौर में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इससे इन इलाकों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम के आंकड़ों के अनुसार 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ पिलानी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। चूरू में 38.7, फलोदी और टोंक में 38.6 तथा बाड़मेर में 38.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि जयपुर का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जैसलमेर में यह 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तेज धूप निकल सकती है, हालांकि तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।


10 अक्टूबर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक 10 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 11 और 12 अक्टूबर को राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इसका असर खास तौर पर बीकानेर और जयपुर संभाग के करीब 6-7 जिलों में देखने को मिल सकता है। बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में आसमान में हल्के बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जहां एक ओर लोगों को अक्टूबर की गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में गुलाबी सर्दी के आगमन का संकेत भी मिलने लगा है। वही बारिश के बाद हल्की ठंड भी बढ़ सकती है!

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button