इस वार्ड में भीषण जल संकट: 9 दिन से बूंद-बूंद को तरसे लोग, जलदाय विभाग के रवैये से भारी आक्रोश

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के वार्ड नंबर 35 में पिछले 9 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप होने के कारण हाहाकार मचा हुआ है। लोग पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए मोहताज हो गए हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि दैनिक कार्य तो दूर, पीने तक के लिए घरों में पानी नहीं बचा है, लेकिन प्रशासन और जलदाय विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है।

जलदाय विभाग का टालमटोल और दोहरा रवैया
वार्ड 35 के स्थानीय निवासी खेताराम सुथार ने मोहल्लेवासियों की पीड़ा बयां करते हुए बताया कि पानी की समस्या को लेकर जब आज सुबह वाटर वर्क्स (जलदाय विभाग) कार्यालय में बात की गई, तो वहां से बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब मिला। अधिकारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की कि “अभी नहर बंद है, पानी आने में 2 दिन और लगेंगे।”
लोगों में सबसे ज्यादा गुस्सा इस बात को लेकर है कि उनके आसपास के पड़ोस वाले इलाकों में पानी की सप्लाई हो रही है। निवासियों का सीधा सवाल है कि अगर नहर बंद है, तो पड़ोस में पानी कैसे पहुंच रहा है? क्या नहर का पानी सिर्फ वार्ड 35 के लिए ही बंद किया गया है? यह सीधा-सीधा सौतेला व्यवहार है।
टैंकर चालकों की खुली लूट
इस जल संकट का सीधा फायदा प्राइवेट पानी के टैंकर वाले उठा रहे हैं। लोगों की मजबूरी को देखते हुए टैंकर चालकों ने मनमाने दाम वसूलना शुरू कर दिया है। एक पानी के टैंकर के लिए 1000 रुपए तक मांगे जा रहे हैं, जो आम आदमी की पहुंच से बिल्कुल बाहर है।
प्रशासन से तुरंत समाधान की गुहार
पानी के अभाव में लोगों की हालत खराब हो रही है। वार्ड 35 के निवासियों ने जिला प्रशासन और जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। लोगों की मांग है कि वार्ड में तुरंत प्रभाव से पानी की सप्लाई सुचारू की जाए और जो अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, उन पर कार्रवाई हो।





































