पेड़ से एक साथ लटके मिले महिला और पुरुष के शव,फैली सनसनी

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक पुरुष और एक महिला के शव एक ही चुन्नी के फंदे से खेजड़ी के पेड़ पर लटके हुए मिले। घटना लिखमीसर दिखनादा गांव की रोही में, राजेडू मार्ग पर स्थित एक गोशाला के सामने सड़क किनारे की है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने पेड़ पर दोनों शव लटके देखे तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना की जानकारी शेरूणा पुलिस को दी गई।
सूचना के बाद शेरूणा थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतरवाने, पहचान कराने और घटनास्थल की जांच की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।





































