|

दीपावली खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्यवाही, फफूंद लगा मावा, खराब ड्राई फ्रूट,गुलाब जामुन करवाए नष्ट, 28 हजार किलो दूषित मैदा भी किया सीज

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 2 नवम्बर। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट खोरों के विरुद्ध सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में दूषित एवं अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई है, जबकि विभिन्न खाद्य पदार्थों को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के संबंध में अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण और नमूनीकरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। अभियान के तहत दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थ, मसाले, मिठाइयां, घी, तेल, मावा और ड्राई फ्रूट के नमूने प्राथमिकता से लिए जा रहे हैं।

डॉ. साध ने बताया कि अभियान के तहत अब तक लगभग 400 किलोग्राम फफूंद लगा दूषित मावा, 309 किलोग्राम दागी एवं बदबूदार बादाम, पिस्ता व अखरोट तथा 90 किलोग्राम गुलाब जामुन जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 735 किलोग्राम अवधिपार कालानमक भी नष्ट करवाया गया है।

उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक 1250 किलोग्राम सूजी (हाई लाइफ), 3950 किलोग्राम आटा (शिवशक्ति ब्रांड), 750 लीटर धनश्री तेल तथा 2319 लीटर घी (वातुला, निजोन एवं वर्सेटाइल ब्रांड) सीज किया गया है। जयपुर से आई केंद्रीय टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में लगभग 28 हजार किलोग्राम दूषित मैदा सीज किया गया। वहीं, 2750 किलोग्राम अवधिपार मैदा पापड़ नष्ट करवाए गए। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के लगभग 22 हजार किलोग्राम तेल को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।

100 से अधिक नमूने जांच के लिए भेजे

डॉ. साध ने बताया कि अभियान के तहत अब तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत 100 से अधिक नमूने लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाए जा चुके हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे मिलावटी एवं फफूंद लगा मावा का भंडारण और विक्रय नहीं करें। मावे को अखबार के कागज में रखकर भंडारित करना भी प्रतिबंधित है।

उन्होंने कहा कि पनीर, मावा, दूध एवं दूध से बनी मिठाइयों जैसे शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों का परिवहन निर्धारित कोल्ड चेन व्यवस्था के तहत किया जाए। कचौरी, समोसे एवं पकौड़े आदि अखबार या रंगीन कागज में परोसने से बचें। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

अभियान के तहत खाद्य नमूनीकरण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, सोना रानी, ममता सोंग्रा, इंद्र प्रकाश ढाका एवं महावीर मेघवाल द्वारा की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button