बीकानेर में चाइनीज मांझे का कहर जारी,व्यासो के चौक निवासी की गर्दन लहूलुहान,


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 17 अप्रैल: प्रशासन के दावों और प्रतिबंधों के बावजूद बीकानेर में चाइनीज मांझा लोगों के लिए ‘फांसी का फंदा’ साबित हो रहा है। देशनोक में 10 साल के मासूम की मौत के बाद अब शहर के अंदरूनी इलाके में एक और युवक इस जानलेवा डोर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी घटनाओं से शहरवासियों में दहशत और प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, लालाणी व्यासों के चौक निवासी हितेश व्यास शुक्रवार शाम को मुरलीधर व्यास कॉलोनी से अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह भाटों के बास से पहले पहुंचे, अचानक आसमान से लटकता हुआ चाइनीज मांझा उनके गले में आकर उलझ गया।
गर्दन कटी और सड़क पर गिरे लहूलुहान युवक
धागा इतना तेज था कि हितेश की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। दर्द और घबराहट के कारण उनका बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वह बीच सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल संभाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रशासन के दावों की खुली पोल
इन घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि बीकानेर की सड़कों पर चलना अब जान जोखिम में डालने जैसा है। प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर लगाया गया प्रतिबंध केवल कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। हकीकत में बाज़ारों में यह जानलेवा धागा धड़ल्ले से बिक रहा है और लोग इसका इस्तेमाल भी कर रहे हैं। प्रशासन की इस लापरवाही और सख्ती की कमी पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।





































