दिवाली पर रोशनी से जगमगाया बीकानेर, लेकिन सफाई व्यवस्था अब भी बदहाल,पिछली दिवाली की सजावट की कमी इस बार होती दिख रही पूरी, लेकिन क्या नगर निगम शहर को गंदगी से भी दिला पाएगा निजात! जनप्रतिनिधियों के सामने चुनौती


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। दीपावली के त्योहार पर बीकानेर शहर को रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जा रहा है। इस बार सजावट के मामले में शहर में पिछली दिवाली की कमी पूरी होती दिखाई दे रही है। लेकिन सवाल यह है कि क्या शहर की सफाई व्यवस्था में भी ऐसा ही सुधार देखने को मिलेगा? सड़कों पर लगे कचरे के ढेर, गलियों में जाम नालियां, टूटे नाले और ओवरफ्लो सीवरेज की समस्या आज भी आमजन के लिए परेशानी बनी हुई है।


गौरतलब है कि पिछली दिवाली पर बीकानेर पश्चिम क्षेत्र में सजावट के नाम पर महज खानापूर्ति हुई थी, जबकि शहर के दूसरे हिस्से रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे थे। इस बार रोशनी और सजावट के मामले में पश्चिम क्षेत्र में भी बेहतर व्यवस्था नजर आ रही है, लेकिन सफाई व्यवस्था की तस्वीर अब भी नहीं बदली है।
शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर पिछले दो-तीन दिनों से उठाए जा रहे हैं, लेकिन गलियों की स्थिति अब भी चिंताजनक है। सफाई अभियान के नाम पर कई जगह केवल खानापूर्ति होती दिखाई दे रही है। महीनों से गंदगी से अटी पड़ी नालियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। गलियों के कोनों में जमा छोटे-छोटे कचरे के ढेर भी जस के तस पड़े हैं।
छोटी और संकरी गलियों में रहने वाले लोगों की परेशानी इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि छोटे टिपर नियमित रूप से सभी वार्डों में नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं, जिन बड़े चौराहों और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सजावट की गई है, उन्हीं के आसपास कचरे के ढेर शहर की स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।
वेसे तो शहर में प्रतिदिन कचरा उठना चाहिए, लेकिन दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर सुबह और शाम दोनों समय सफाई एवं कचरा संग्रहण की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि त्योहार के दौरान शहर स्वच्छ और सुंदर नजर आए।
हालांकि नगर निगम की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन उसका असर धरातल पर अपेक्षित रूप से दिखाई नहीं दे रहा। अब देखना यह होगा कि नगर निगम के नए पार्षद, महापौर और उपमहापौर मिलकर दीपावली पर शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
शहर को रोशनी से सजाना अच्छी पहल है, लेकिन असली दिवाली तब होगी जब सड़कों से कचरे के ढेर हटेंगे, नालियां साफ होंगी और आमजन को गंदगी व बदबू से राहत मिलेगी।





































