बीकानेर मेयर चुनाव: वोटिंग से ठीक पहले BJP प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत की ‘51+’ पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल, निकाले जा रहे कई मायने






THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर नगर निगम में मेयर पद के लिए कल होने वाले मतदान से पहले शहर का सियासी पारा अचानक गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मेयर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत की सोशल मीडिया पर की गई एक रहस्यमयी पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। डॉ. शेखावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिर्फ ‘51 प्लस’ (51+) लिखकर पोस्ट किया है, जिसके बाद से चुनावी गणित और आंकड़ों को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है।
27 पार्षदों के दम पर 51 का दावा? समझें सियासी गणित
बीकानेर नगर निगम में संख्याबल की बात करें तो भाजपा के पास अपने 27 पार्षद हैं। इसके अलावा पार्टी की ओर से पहले ही 8 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा चुका है। इन दोनों को मिलाकर भी आंकड़ा 35 तक ही पहुंचता है। ऐसे में डॉ. शेखावत द्वारा सीधे ‘51 प्लस’ का दावा पेश किए जाने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या भाजपा किसी बड़े उलटफेर या क्रॉस वोटिंग की तैयारी में है?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस पोस्ट के जरिए शेखावत यह संकेत देने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके पास जीत के लिए जरूरी जादुई आंकड़े से भी कहीं अधिक पार्षदों का समर्थन जुट चुका है।
आधिकारिक स्पष्टीकरण बाकी, विपक्ष में बेचैनी
हालांकि, इस ‘51 प्लस’ पोस्ट का कोई आधिकारिक अर्थ या संदर्भ प्रत्याशी अथवा पार्टी की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन मतदान से महज कुछ घंटे पहले आए इस पोस्ट ने विपक्षी खेमे में हलचल बढ़ा दी है। चर्चा इस बात की भी है कि क्या यह महज मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति है या पर्दे के पीछे कोई बड़ा राजनीतिक समीकरण साध लिया गया है।
कल सुबह होने वाली वोटिंग से पहले इस एक पोस्ट ने बीकानेर मेयर चुनाव के मुकाबले को बेहद दिलचस्प और रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया है।




































