बडी खबर:-बीकानेर: दलित नेता और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल से मारपीट मामले में प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा सख्त,लिया बड़ा एक्शन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। दलित नेता एवं शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन मेघवाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा छह साल के लिए निष्कासित
कांग्रेस ने घटना को अनुशासनहीनता और निंदनीय कृत्य मानते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
पार्टी की इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन कायम रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
शशिकला राठौड़ की भूमिका की जांच
मामले में महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका को लेकर भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह को पूरे प्रकरण की जांच कर दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
डोटासरा ने दिया स्पष्ट संदेश
प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसक एवं अमर्यादित घटनाओं को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि दलितों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर राहुल गांधी का हमेशा मजबूत रुख रहा है। कांग्रेस भी इसी विचारधारा के अनुरूप ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करेगी।
पार्टी के भीतर कड़ा संदेश
मदन मेघवाल के साथ मारपीट के मामले में की गई यह कार्रवाई कांग्रेस के भीतर अनुशासनहीनता और नेताओं के साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ पार्टी के सख्त रुख का संकेत है। मामले में अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय हो सकती है।





































