कोटा के बाद PBM अस्पताल में बड़ी लापरवाही: सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की किडनी फेल, सभी ICU में भर्ती!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। कोटा मेडिकल कॉलेज के बाद अब बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल में डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसारअस्पताल में सिजेरियन (ऑपरेशन से) डिलीवरी के बाद एक-एक कर 6 प्रसूताओं की अचानक हालत बिगड़ गई और उनकी किडनी फेल हो गई है।

सभी पीड़ित महिलाओं की उम्र 20 से 27 वर्ष के बीच है।
वर्तमान में इन सभी मरीजों को आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर दिया गया है और उनकी डायलिसिस की जा रही है।
फलोदी की रहने वाली 20 वर्षीय प्रीति की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआत में अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने इस मामले को दबाने और छिपाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन महिलाओं की बिगड़ती स्थिति ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी।
इस पूरे घटनाक्रम पर अस्पताल और कॉलेज प्रशासन का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं:
डॉ. सुरेंद्र वर्मा (प्रिंसिपल, एसपी मेडिकल कॉलेज): उन्होंने बताया कि एक्यूट किडनी इंजरी के कई कारण हो सकते हैं। फिलहाल आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है। उन्होंने ऑपरेशन थियेटर (OT) में इन्फेक्शन की संभावना से इनकार नहीं किया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अस्पताल में ‘इन्फेक्शन डिटेक्टर’ लगाया जा रहा है, जो मात्र 90 सेकंड में इन्फेक्शन का पता लगा सकेगा।
प्रोफेसर जितेंद्र फलौदिया (नेफ्रोलॉजी विभाग): उनका कहना है कि गंभीर महिलाओं में से एक महिला ‘हेल्प सिंड्रोम’ (HELLP Syndrome) के कारण वेंटिलेटर पर है। उन्होंने भी अस्पताल में इन्फेक्शन की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया है। फिलहाल जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
कोटा जैसी घटना की पुनरावृत्ति
गौरतलब है कि यह मामला ठीक वैसा ही है जैसा करीब एक महीने पहले कोटा में हुआ था। कोटा में भी सिजेरियन डिलीवरी के बाद इन्फेक्शन और किडनी फेल होने के कारण 5 प्रसूताओं की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य महिलाओं को गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पतालों में शिफ्ट करना पड़ा था। बीकानेर की इस घटना ने प्रदेश की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पतालों के ऑपरेशन थियेटर में हाइजीन (साफ-सफाई) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




































