बीकानेर में हैरान करने वाला मामला,सोशल मीडिया की दोस्ती शादीशुदा महिला को यूपी की युवती के से हुआ प्यार,बच्ची को लेकर फरार,पुलिस ने किया दस्तयाब

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर, 21 जून। गंगाशहर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। एक शादीशुदा महिला अपनी मासूम बेटी को साथ लेकर उत्तर प्रदेश की एक युवती के साथ चली गई। पुलिस ने दोनों को लखनऊ से दस्तयाब कर लिया है, लेकिन दोनों महिलाओं ने साथ रहने की इच्छा जताई है।

जानकारी के अनुसार, गंगाशहर निवासी महिला की करीब सात माह पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 22 वर्षीय युवती से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ने लगीं।
बताया जा रहा है कि 16 जून को महिला अपनी ससुराल से बिना किसी को बताए अपनी बच्ची को साथ लेकर चली गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसके बाद गंगाशहर पुलिस और साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लखनऊ पुलिस के सहयोग से महिला, उसकी बेटी और मायरा खान को लखनऊ से दस्तयाब कर लिया। इसके बाद सभी को बीकानेर लाया गया, जहां पुलिस और दोनों पक्षों के परिजनों ने महिला को समझाने का प्रयास किया। हालांकि महिला ने अपने पति के पास लौटने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं ने अपनी मर्जी से साथ रहने की बात कही है।
इस मामले में महिला के पिता ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) बीकानेर को एक लिखित प्रार्थना पत्र देकर युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को अपने प्रभाव में लेती है और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा नेटवर्क संचालित करती है। साथ ही मानव तस्करी, जबरन धर्म परिवर्तन, देह व्यापार और मानव अंगों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि पुलिस और प्रशासन का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
फिलहाल यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस महिला के बालिग होने के अधिकार, बच्ची के हित और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





































