क्रिकेट के महाकुंभ IPL का आगाज़: बीकानेर में जमने लग गयी सट्टे के ‘व्यापार’ की ‘दुकानें’, SP मृदुल कच्छावा के लिए बड़ी चुनौती


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। आज से क्रिकेट प्रेमियों के पसंदीदा त्योहार और पंटर लोगों के ‘महाकुंभ’ यानी आईपीएल (IPL) का आगाज़ होने जा रहा है। जहां एक तरफ खेल के मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात होगी, वहीं दूसरी तरफ बीकानेर के गलियारों में जीत-हार का करोड़ों का खेल शुरू होने वाला है। इस बार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरीकों से सट्टेबाजी का बाजार गर्म होने की पूरी संभावना है।

करोड़ों की जीत-हार, कोई होगा मालामाल तो कोई कंगाल
आईपीएल के दौरान बीकानेर में सट्टे का कारोबार चरम पर रहता है। सूत्रों की मानें तो शहर में रोजाना करोड़ों रुपए की जीत-हार होगी। जहां कुछ लोग रातों-रात मालामाल होने के सपने देख रहे हैं, वहीं कई लोग इस लत में अपनी जमा-पूंजी गंवाकर कंगाल भी होंगे।
होटलों से लेकर मोबाइल ऐप्स तक फैला जाल
इस बार सट्टेबाजी का तरीका भी बदला-बदला नजर आ रहा है। अब केवल बंद कमरों या होटलों तक ही यह खेल सीमित नहीं रहा, बल्कि मोबाइल में ‘आईडी’ (ID) के जरिए लाखों का खेल धड़ल्ले से खेला जाएगा। सूत्रों के हवाले से किराए के घरो और होटलों में सट्टे की ‘दुकानें’ सज चुकी हैं, जहाँ तकनीक के सहारे बुकी इस अवैध धंधे को अंजाम देने की फिराक में हैं।
SP मृदुल कच्छावा के लिए अग्निपरीक्षा
बीकानेर पुलिस के नए मुखिया SP मृदुल कच्छावा के लिए इस नेटवर्क को तोड़ना एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है। शहर में सट्टेबाजी के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए पुलिस को अपने मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय करना होगा।
- जनता की उम्मीदें: शहर की जनता को नए पुलिस अधीक्षक से काफी उम्मीदें हैं कि वे सट्टेबाजों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे।
- पुलिस का प्लान: देखना दिलचस्प होगा कि एसपी कच्छावा इस अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं और उनका ‘स्पेशल प्लान’ सट्टेबाजों पर कितना भारी पड़ता है।
क्या पुलिस का जाल इन हाई-टेक पंटरों को दबोच पाएगा या सट्टे का यह खेल निर्बाध रूप से जारी रहेगा? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।




































